आसनसोल । आसनसोल नगर निगम में शनिवार सेनिटेशन विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय सहित नगर निगम के तमाम पदाधिकारी, सेनिटेशन विभाग के कर्मचारी, पश्चिम बर्दवान जिला के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी आदि उपस्थित थे। इस बारे में विधान उपाध्याय ने कहा कि डेंगू के बढ़ते खतरे को लेकर सेनिटेशन विभाग की एक जरूरी बैठक की गई। इस बैठक में डेंगू की रोकथाम पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी आसनसोल वासियों से अनुरोध किया कि डेंगू के बढ़ते खतरे को गंभीरता से लें और आसनसोल नगर निगम के साथ सहयोग करें। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि अगर किसी को बुखार है तो वह तुरंत उसका इलाज करवाए और आसनसोल नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मचारियों को इस बात की जानकारी दे। इसके साथ ही उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी दवा दुकानों के मालिकों से अनुरोध किया कि जब भी कोई उनके पास बुखार की दवा खरीदने जाएगा तो उसका नाम और मोबाइल नंबर आसनसोल नगर निगम को बताए। ताकि आसनसोल नगर निगम के पास यह आंकड़ा रहे के कितने लोगों को बुखार हुआ है और उसके हिसाब से डेंगू की रोकथाम के लिए कदम उठाए जा सके।