बाराबनी । बाराबनी थाना अंतर्गत चिनचुरिया गांव में सोमवार की रात महिला की रहस्यमयी मौत को लेकर व्यापक तनाव व्याप्त हो गया। मृतका की पहचान पूजा घोष (35) के रूप में हुई है। मृतका के पिता के घर की शिकायत के आधार पर बाराबनी थाना पुलिस ने उसके पति जीवन घोष को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पूजा घोष अपने ससुराल में लटकी हुई पायी गयी। पता चला है कि बाराबनी थाना अंतर्गत चिनचुरिया गांव निवासी जीबन घोष की शादी वर्ष 2012 में झारखंड के निरसा थाना अंतर्गत इकियारकुड निवासी भुवन मल की पुत्री से हुई थी। शादी के कई वर्ष बाद भी विभिन्न मुद्दों को लेकर अशांति बनी रहती थी। सोमवार की शाम को वह अपने ससुराल के एक कमरे में गले में रस्सी का फंदा डालकर लटकी पायी गयी। ससुराल वाले उसे गाड़ी में लेकर जिला अस्पताल ले जा रहे थे। उसी समय मायके वालों ने गाड़ी रोक कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिर वे गाड़ी को बाराबनी थाना ले गए। पता चला है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मृतका के पिता और परिवार के सदस्यों का दावा है कि पूजा ने फांसी लगाकर आत्महत्या नहीं की है। उसे उसके पति और ससुराल वालों द्वारा लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सोमवार की रात भी यही घटना हुई। फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई और उसे फांसी पर लटका दिया गया। उसके बाद ससुराल वालों ने कहा कि पूजा ने आत्महत्या कर ली है। पूजा की नाबालिग बेटी ने कहा कि सोमवार की रात उसकी मां को उसके पिता, चाचा और चाची ने पीटा था। फिर मां की मौत हो गई। पुलिस ने पूजा के पति जीवन घोष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। महिला के शव को मंगलवार सुबह आसनसोल जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।