अंडाल के धानदाडीहि में फिर दहशत – तेज धमाके के बाद कुंआ का पानी 20 फीट नीचे धंसा, जमीन धंसने का बढ़ा खतरा
अंडाल, शिल्पांचल टुडे
पश्चिम बंगाल के अंडाल के धानदाडीहि इलाके में शनिवार को एक बार फिर जमीन धंसने का डर लोगों में फैल गया। दोपहर में तेज और विकट आवाज के बाद अचानक एक कुंआ का जलस्तर करीब 20 फीट नीचे चले जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पहले धुआं, अब कुंआ का पानी गायब
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले ही गांव के एक हिस्से में अचानक जमीन धंस गई थी और धंसे हुए हिस्से से धुआं निकलते हुए भी देखा गया था। उस घटना की दहशत अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि शनिवार को फिर तेज आवाज आई और देखते ही देखते कुएं का पानी नीचे चला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के नीचे लगातार कुछ गतिविधि हो रही है, लेकिन इसका कारण क्या है, यह कोई नहीं बता पा रहा है।
जमीन के नीचे क्या हो रहा है?
भूगर्भ में आग लगी है, अवैध या पुरानी भूमिगत खनन गतिविधि है या कोई और कारण – इसे लेकर अभी तक प्रशासन या ECL की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इसी वजह से लोगों में और भी ज्यादा डर बना हुआ है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीण अपने घर और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों ने पूरे क्षेत्र की तत्काल वैज्ञानिक जांच कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
विधायक पार्थ घोष ने उठाए सवाल
इस घटना को लेकर रानीगंज के विधायक पार्थ घोष ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि धानदाडीहि पहले से ही धंसाव प्रभावित क्षेत्र है, लेकिन बार-बार इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। उन्होंने ECL प्रबंधन से तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
विधायक ने कहा कि अगर इलाके में लोगों की जान सुरक्षित नहीं है, तो प्रभावित परिवारों के लिए जल्द से जल्द पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए।
फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन और ECL प्रबंधन की जांच पर टिकी हैं।















