Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

जमुड़िया में तालाब से लापता व्यक्ति का शव बरामद, पद्म फूल लाने गया था – इलाके में सनसनी

जामुड़िया / शिल्पांचल टुडे

जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव में रविवार सुबह एक तालाब से शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधु हेमराम के रूप में हुई है, जो बेनाली के टुइला पाड़ा का रहने वाला था।

18 सितंबर से था लापता

परिवार वालों के अनुसार, मधु हेमराम 18 सितंबर की सुबह पद्म फूल (कमल का फूल) लाने के लिए घर से निकला था। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

तालाब के किनारे मिला शव

रविवार सुबह स्थानीय लोग कोलियरी के पास स्थित घासुरिया तालाब की तरफ गए तो उन्होंने तालाब के किनारे एक शव देखा। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना तुरंत श्रीपुर फांड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *