आसनसोल में टोटो पर सख्ती से यात्री परेशान – किराया दोगुना, बाराबनी में चालकों ने काली पूजा तक दी मोहलत की मांग
आसनसोल / बाराबनी
आसनसोल शहर में टोटो को लेकर पुलिस की सख्ती के बाद अब आम यात्रियों और टोटो चालकों दोनों की परेशानी बढ़ गई है। एक तरफ शहर में किराया दोगुना हो गया है, तो दूसरी तरफ बाराबनी में टोटो बंद होने से चालक भुखमरी की कगार पर हैं।
आसनसोल में किराया 10 से सीधा 20 रुपये
पिछले कुछ दिनों से आसनसोल पुलिस ने जीटी रोड और हटन रोड समेत शहर के कई मुख्य मार्गों पर टोटो के परिचालन पर रोक और कड़ाई बढ़ा दी है। हटन रोड को वन-वे किए जाने के बाद से यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल गई है।
इसका सीधा असर किराए पर पड़ा है। स्थानीय यात्रियों के अनुसार, शुक्रवार से हटन रोड मोड़ से जिला अस्पताल और महिशीला कॉलोनी की ओर जाने वाले रूट पर टोटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। जो किराया पहले 10 रुपये और 15 रुपये था, वह अब बढ़कर 20 रुपये और 30 रुपये हो गया है। अचानक किराया दोगुना होने से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों, मरीजों और छात्रों में भारी नाराजगी है।
बाराबनी में दो दिन से पहिये थमे
दूसरी ओर, बाराबनी के दोमोहानी बाजार से आसनसोल जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले दो दिनों से टोटो परिचालन पूरी तरह बंद है। पुलिस की सख्ती के डर से चालक टोटो नहीं चला रहे हैं।
शनिवार को परेशान चालकों ने खासकुटी मोड़ के पास एक बैठक की। इसकी सूचना मिलते ही बाराबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालकों को समझाया।
बाद में सभी टोटो चालक भाजपा नेता सुजीत मंडल के कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या बताई। चालकों ने मांग की है कि उन्हें काली पूजा तक राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि काली पूजा तक उन्हें चलने दिया जाए, उसके बाद प्रशासन जो भी फैसला लेगा, वे उसका पालन करेंगे।
भाजपा नेता सुजीत मंडल ने बताया कि यह सिर्फ बाराबनी की समस्या नहीं, बल्कि पूरे आसनसोल की ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि रविवार शाम 6 बजे सभी चालकों को लेकर वे बाराबनी विधायक अरजीत राय के पास जाएंगे और समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।
फिलहाल पुलिस की सख्ती और रूट में बदलाव ने यात्रियों और चालकों दोनों को मुश्किल में डाल दिया है।















