पांडवेश्वर के जामाईपाड़ा में दुर्गा पूजा का शंखनाद – खुंटी पूजा के साथ शुरू हुई तैयारियां, विधायक जितेंद्र तिवारी ने की शिरकत
पांडवेश्वर, शिल्पांचल टुडे
मां दुर्गा के आगमन में अब कुछ ही दिन शेष हैं और पूरे शिल्पांचल में पूजा की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी कड़ी में पांडवेश्वर के जामाईपाड़ा में दुर्गा पूजा का औपचारिक शुभारंभ हो गया। शनिवार को यहां विधि-विधान के साथ खुंटी पूजा का आयोजन किया गया।
विधायक जितेंद्र तिवारी रहे मुख्य अतिथि
इस शुभ अवसर पर पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा आयोजकों के साथ मिलकर खुंटी पूजा की और नारियल फोड़कर पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
पूजा के बाद विधायक ने वहां मौजूद पूजा कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उन्हें दुर्गा पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और आयोजन को लेकर चर्चा भी की।
सुख-समृद्धि की कामना
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि मां दुर्गा के आगमन से चारों ओर खुशी का माहौल है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि मां का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।
पारंपरिक मंत्रोच्चार और ढाक की थाप के बीच हुई इस खुंटी पूजा के साथ ही पंडाल निर्माण और सजावट के काम की शुरुआत हो गई है।
कार्यक्रम में पूजा कमेटी के सभी सदस्य, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे इलाके में अभी से ही दुर्गा पूजा का उत्साह देखने को मिल रहा है।















