नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान गिरफ्तार – 14 दिन की जेल, विरोध में कुल्टी-बराकर में कांग्रेस का हल्ला बोल, पुलिस चौकी का घेराव
कुल्टी / शिल्पांचल टुडे
नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले बड़ा सियासी बवाल हो गया है। कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। गिरफ्तारी के विरोध में कुल्टी के बराकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया और बराकर पुलिस फाड़ी का घेराव कर दिया।
कांग्रेस ने बताया – राजनीतिक प्रतिशोध
बराकर फाड़ी के सामने प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले उनके प्रत्याशी को गिरफ्तार करना राजनीतिक साजिश है। कांग्रेस का कहना है कि मिलन प्रधान एक मजबूत उम्मीदवार हैं, इसलिए उन्हें जानबूझ कर चुनाव से दूर रखने के लिए गिरफ्तार किया गया है। कार्यकर्ताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने कहा – 2007 के केस में 4 गैर-जमानती वारंट थे
वहीं पुलिस ने इस गिरफ्तारी को चुनाव से जोड़ने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मिलन प्रधान की गिरफ्तारी किसी नई चुनावी गतिविधि के कारण नहीं हुई है। उनके खिलाफ 2007 के पुराने मामलों में चार गैर-जमानती वारंट (NBW) लंबे समय से लंबित थे।
पुलिस का कहना है कि विधानसभा उपचुनाव से पहले सभी लंबित वारंटों की तामील के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और उसी प्रक्रिया के तहत मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया गया है।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
गिरफ्तारी के बाद मिलन प्रधान को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 3 अक्टूबर तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।















