जामुड़िया में छात्रों के चेहरे पर आई मुस्कान, विधायक बिजन मुखर्जी ने किया साइकिल का वितरण, बोले – शिक्षा के लिए हर मदद को तैयार
शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सबुज साथी योजना के तहत जामुड़िया में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंगलवार को जामुड़िया BDO कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जामुड़िया के विधायक बिजन मुखर्जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल पाकर छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई।
शिक्षा के रास्ते को आसान बनाएगी साइकिल
इस अवसर पर विधायक बिजन मुखर्जी ने कहा कि साइकिल वितरण केवल एक योजना नहीं, बल्कि छात्रों के सपनों को उड़ान देने की पहल है। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों के लिए यह साइकिल उनके दैनिक जीवन को आसान बनाएगी और उन्हें समय पर स्कूल पहुंचने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार शिक्षा को हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों की शिक्षा में कोई बाधा न आए, इसके लिए हम हरसंभव सहयोग जारी रखेंगे। छात्र ही हमारे भविष्य हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए ऐसी पहल जारी रहेगी।”
कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर BDO कार्यालय के अधिकारी और कई स्कूलों के शिक्षक भी मौजूद थे।














