दुर्गापुर में दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM, पुलिस कमिश्नर और विधायकों की मौजूदगी में हुई बड़ी समन्वय बैठक
दुर्गापुर में दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM, पुलिस कमिश्नर और विधायकों की मौजूदगी में हुई बड़ी समन्वय बैठक
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को दुरुस्त रखने के लिए दुर्गापुर में प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में दुर्गापुर में एक बड़ी दुर्गापूजा समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट, दुर्गापुर नगर निगम और विभिन्न सरकारी विभागों के आला अधिकारियों के साथ-साथ जिले के तमाम दुर्गापूजा कमेटियों के सदस्य शामिल हुए।
विधायक से लेकर पुलिस कमिश्नर तक रहे मौजूद
बैठक में दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, गलसी के विधायक राजू पात्र सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पन्नमबालम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में मुख्य रूप से तीन मुद्दों पर फोकस किया गया –
1. ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण: पूजा के दौरान शहर में जाम न लगे और पंडालों में भीड़ को कैसे नियंत्रित किया जाए।
2. सुरक्षा व्यवस्था: महिला सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस गश्त को बढ़ाने पर चर्चा।
3. आपातकालीन सेवा: किसी भी आपात स्थिति में दमकल, एंबुलेंस और बिजली विभाग के बीच बेहतर तालमेल।
प्रशासन ने सभी पूजा आयोजकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी, एंट्री-एग्जिट गेट और सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी समस्या के लिए सीधे प्रशासन से संपर्क करें।
