अंधविश्वास के शक में दोहरी हत्या से दहला सीमावर्ती इलाका, पत्नी और पिता की हत्या का आरोप
शिल्पांचल टुडे , पानागढ़।
पश्चिम बर्दवान के कांकसा और बांकुड़ा जिले की सीमा से सटे दामोदर नदी के चर में दोहरी हत्या की सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। लाल बाबा मानाचर इलाके में एक युवक पर अपनी पत्नी और पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी मंगल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृत महिला की पहचान 39 वर्षीय रुम्पा चौधरी के रूप में हुई है, जबकि मृतक पिता राजेंद्र चौधरी की उम्र 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। आरोप है कि युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और इसके बाद अपने पिता को भी मौत के घाट उतार दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंपती नियमित रूप से एक मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे और उनके घर पर एक कथित तांत्रिक का भी आना-जाना था। इसी वजह से अंधविश्वास और कथित तांत्रिक के प्रभाव को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही बांकुड़ा जिले की सोनामुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्या के वास्तविक कारण के साथ-साथ कथित तांत्रिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
दोहरी हत्या की इस घटना के बाद कांकसा-बांकुड़ा सीमावर्ती इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

















