दुर्गा पूजा में जब सब पंडाल में थे, चोरों ने किया घर साफ: रूपनारायणपुर में बुजुर्ग महिला के घर से लाखों की चोरी, पीतल के भगवान तक नहीं छोड़े
शिल्पांचल टुडे, सालानपुर।
इधर लोग दुर्गा पूजा की धूम में व्यस्त थे, उधर चोरों ने एक बंद घर को निशाना बना लिया। रूपनारायणपुर के रांगामाटी नंबर-1 सुभाषपल्ली में नवमी की रात हुई बड़ी चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया है।
षष्ठी को ताला लगा गईं, अष्टमी को टूटा मिला
पीड़िता गायत्री राय नाम की बुजुर्ग महिला हैं। वह षष्ठी के दिन अपनी बेटी के घर जामताड़ा गई थीं और घर पर ताला लगा गई थीं।
अष्टमी की शाम पड़ोसियों ने देखा कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने तुरंत गायत्री देवी को फोन किया। बेटी के साथ घर लौटने पर अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए – पूरा घर बिखरा पड़ा था।
क्या-क्या ले गए चोर?
परिवार के मुताबिक चोर अलमारी और पूजा घर से सब कुछ समेट ले गए:
– 2.5 से 3 लाख रुपये के सोने के आभूषण
– 30 से 40 हजार रुपये नकद
– 30 किलो से ज्यादा कांसा-पीतल के बर्तन
– पूजा घर से लक्ष्मीनारायण की पीतल की मूर्ति, दीपक, त्रिशूल तक चुरा ले गए
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाला जा रहा है
घटना के बाद बुजुर्ग महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश कर रही है।
पूजा में घर खाली छोड़ने वालों के लिए सबक
यह घटना उन लोगों के लिए चेतावनी है जो पूजा के दौरान घर खाली छोड़कर बाहर चले जाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर खाली छोड़ने से पहले पड़ोसियों को सूचित करें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें।

















