बंगाल की खाड़ी में खतरनाक सिस्टम एक्टिव: 26 को बन सकता है चक्रवाती तूफान, बंगाल-ओडिशा-आंध्र में भारी बारिश का अलर्ट, मछुआरों को चेतावनी
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
बंगाल की खाड़ी में मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब खतरनाक रूप ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 24 अक्टूबर को जारी अपने ताजा बुलेटिन में बड़ा अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम आज डिप्रेशन में बदल सकता है, कल यानी 25 अक्टूबर को डीप डिप्रेशन और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान* का रूप ले सकता है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट के करीब पहुंचने की संभावना है।
किस राज्य पर कितना असर?
ओडिशा में रेड अलर्ट जैसा माहौल:
27 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश और 28 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 29 अक्टूबर को भी राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा खतरा:
तटीय आंध्र प्रदेश में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की आशंका है। प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।
पश्चिम बंगाल में भी असर:
गंगीय पश्चिम बंगाल में 27 अक्टूबर को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश, जबकि 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के जिलों पर मौसम विभाग की विशेष नजर है।
झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़:
इन राज्यों में तूफान का असर उसकी दिशा और तीव्रता पर निर्भर करेगा। फिलहाल इन राज्यों में भी बारिश की संभावना पर नजर रखी जा रही है।
IMD की अपील: अफवाहों से बचें
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अभी तूफान के सटीक लैंडफॉल की जगह और उसकी अंतिम तीव्रता को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। लोगों से अपील है कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल IMD की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
साथ ही मछुआरों और समुद्र से जुड़े सभी लोगों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
