Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

दुर्गापुर में बैनर वॉर बना जंग का अखाड़ा: विजया के बैनर को लेकर BJP-TMC में खूनी झड़प, युवक को नाले में गिराकर पीटा, पुलिस से भी हाथापाई

शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
विजया दशमी के बाद बधाई बैनर लगाने को लेकर दुर्गापुर के न्यूटन इलाके में राजनीति गरमा गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और भाजपा व तृणमूल समर्थक आपस में भिड़ गए। मारपीट, ईंट-पत्थर और अंडे फेंकने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

क्या है पूरा मामला?

घटना दुर्गापुर थाना के न्यूटन फांड़ी के पास की है। बताया जा रहा है कि भाजपा के 1 नंबर मंडल की ओर से विजया सम्मेलन के लिए इलाके में झंडे और बैनर लगाए गए थे।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल श्रमिक संगठन के कोर कमेटी के पूर्व सदस्य बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने उन बैनरों को जबरन हटा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले जुबानी जंग हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

आरोप है कि झड़प के दौरान एक युवक को खींचकर पास के बड़े हाई ड्रेन में गिरा दिया गया और जमकर पीटा गया। इस दौरान दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और अंडे भी फेंके गए।

पुलिस से भी धक्का-मुक्की

हंगामे की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने के OC मानव घोष के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है।

भाजपा के 1 नंबर मंडल के महासचिव ने बंटी सिंह पर बैनर हटाने और मारपीट कराने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, इस पूरे मामले पर बंटी सिंह की ओर से अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है।

घटना के बाद से न्यूटन इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *