आसनसोल में गूंजा “एंड पोलियो नाउ” का नारा: टोटो पर बैनर-पोस्टर और जिंगल के साथ रोटरी क्लब ने चलाया जागरूकता अभियान
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
विश्व पोलियो दिवस के मौके पर रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ने पोलियो मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। क्लब के सदस्यों ने शहर भर में घूम-घूम कर लोगों को पोलियो उन्मूलन का संदेश दिया।
टोटो पर PA सिस्टम से हिंदी-बांग्ला में गूंजा संदेश
अभियान के तहत क्लब ने कई टोटो (ई-रिक्शा) पर तीनों तरफ “End Polio Now” के बड़े-बड़े बैनर लगाए। इतना ही नहीं, टोटो में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA System) लगाया गया, जिसके जरिए हिंदी और बांग्ला भाषा में पोलियो जागरूकता जिंगल और जानकारी लगातार प्रसारित की गई।
इस पहल का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों, खासकर गली-मोहल्लों तक पोलियो की दवा और जागरूकता का संदेश पहुंचाना था।
भगत सिंह मोड़ से हुई शुरुआत
इस विशेष अभियान को भगत सिंह मोड़ स्थित हैवेल्स शोरूम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हरी झंडी रोटेरियन राकेश गोपालका ने दिखाई।
इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंक जैन के साथ डॉ. सुजीत दत्ता, मनदीप सिंह लल्ली, अभिषेक डोकानिया, विकास दास, क्रिस्टोफर तिग्गा, रंजना दास और जॉर्ज ओस्टा मौजूद रहे।
शुभारंभ के बाद ये जागरूकता टोटो पूरे आसनसोल शहर और आसपास के इलाकों में घूमे और लोगों को पोलियो के खिलाफ जागरूक किया।
रोटरी क्लब की इस पहल की शहर भर में सराहना हो रही है। क्लब ने दोहराया कि जब तक दुनिया से पोलियो का पूरी तरह खात्मा नहीं हो जाता, तब तक यह जागरूकता अभियान जारी रहेगा।
