Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कुल्टी के मेलियाकोला में बड़ा हादसा टला: बेकाबू कार बिजली के खंभे से टकराकर तालाब में गिरी, 5 युवक बाल-बाल बचे

शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
कुल्टी थाना के नियामतपुर फांड़ी इलाके में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलवे के विद्युत खंभे से टकराने के बाद सीधे सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पांच युवक घायल हो गए, लेकिन गनीमत रही कि सभी की जान बच गई।

कैसे हुआ हादसा?

घटना सुबह मेलियाकोला मार्ग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी और अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का विद्युत खंभा भी टेढ़ा हो गया और कार उछलकर तालाब में चली गई।

हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तालाब में कूदकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। बाद में सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

नशे में थे युवक?

घायलों में लच्छीपुर खटाल निवासी प्रेम साव का नाम सामने आया है। स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि कार सवार युवक नशे में थे, हालांकि पुलिस ने कहा है कि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।

सूचना मिलते ही नियामतपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन मंगवाकर तालाब में गिरी कार को बाहर निकलवाया।

पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या लापरवाही से।

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed