Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

जामुड़िया में दुर्गा पूजा की खुशी में पसरा मातम: अष्टमी की रात दुकान के लिए निकले 32 साल के संदीप बाउरी लापता, दो बच्चों संग पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया ।

जहां पूरा बंगाल दुर्गापूजा की खुशियों में डूबा था, वहीं जामुड़िया के कुलडांगा गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुर्गाष्टमी की रात दुकान जाने की बात कहकर घर से निकले 32 वर्षीय संदीप बाउरी उर्फ दिपू पिछले एक सप्ताह से लापता हैं। उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है

 

अष्टमी की रात से लापता

परिवार के मुताबिक, 18 अक्टूबर की रात दुर्गाष्टमी थी। संदीप घर से यह कहकर निकले थे कि वह पड़ोस की दुकान तक जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार के बाद परिवार ने रिश्तेदारों और पूरे गांव में तलाश की, पर कहीं पता नहीं चला।

थक-हारकर परिवार ने जामुड़िया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमाने वाले के गायब होने से परिवार पर संकट

संदीप अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। घर में उनकी पत्नी टुम्पा बाउरी और दो छोटे स्कूली बच्चे – एक बेटा और एक बेटी हैं। पति के अचानक गायब होने से टुम्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है।

पूरे गांव में मातम जैसा माहौल है। पूजा के दौरान जहां हर घर में खुशी थी, वहीं संदीप का परिवार हर दरवाजे पर उसकी तलाश कर रहा था।

कई सवाल, जवाब का इंतजार

संदीप अष्टमी की रात आखिर कहां गया? क्या वह किसी के साथ गया था या कोई अनहोनी हो गई? ये सवाल अभी अनसुलझे हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य पहलुओं से जांच कर रही है।

परिवार और ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को संदीप बाउरी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत जामुड़िया थाना या परिवार को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed