मिलावटी मिठाइयों पर प्रशासन का शिकंजा, पंजाबी धौड़ा में खाद्य विभाग का छापा – सिंथेटिक रंग और मिलावटी सामग्री जब्त
बर्नपुर, शिल्पांचल टुडे।
दुर्गापूजा के बाद भी मिठाइयों में मिलावट का खेल जारी है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग और एनफोर्समेंट विभाग की संयुक्त टीम ने हीरापुर थाना क्षेत्र के पंजाबी धौड़ा इलाके में एक नामी मिठाई और स्नैक्स की दुकान पर अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान हीरापुर थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
क्या मिला छापे में?
अधिकारियों ने दुकान में बन रही मिठाइयों और नमकीन की गहन जांच की। जांच में पाया गया कि खाने में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित सिंथेटिक रंग और निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही ऐसे सभी रंगों और संदिग्ध सामग्री को हटाकर जब्त कर लिया।
दुकानदार को कड़ी चेतावनी
टीम ने दुकानदार से फूड लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात भी मांगे और सभी तैयार खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। अधिकारियों ने दुकानदार को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के नियमों का पालन करना होगा और खाने की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने कहा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन मिल सके।














