डीवीसी-डीटीपीएस में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
दामोदर घाटी निगम (DVC) के दुर्गापुर थर्मल पावर स्टेशन (DTPS) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर परईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सप्ताहव्यापी कार्यक्रम के दौरान कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें सतर्कता शपथ, वॉकथॉन, ग्राम सभा के माध्यम से जागरूकता अभियान, चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिता, विक्रेता बैठक तथा ‘ईमानदारी के माध्यम से समृद्धि’ (Prosperity through Integrity) विषय पर विशेष संगोष्ठी शामिल रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए डीटीपीएस के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री एन. वी. रमना ने कहा कि सतर्कता और ईमानदारी केवल एक सप्ताह तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक कर्मचारी के दैनिक कार्य और जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।
उन्होंने कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सतर्कता विभाग और डीटीपीएस की पूरी टीम की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजित भट्टाचार्य और श्री बासुदेव मंडल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में डीवीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का समापन भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
संदेश स्पष्ट है—सतर्कता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर दिन निभाया जाने वाला संकल्प है।
