दुर्गापुर में होटलों में छापा तो उड़े होश! इंसानों के खाने वाले फ्रिज में मिला कुत्तों का खाना, चिकन पर फंगस, पनीर पर फफूंदी
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
अगर आप दुर्गापुर के मुचिपाड़ा इलाके में होटल में खाना खाते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे में ऐसा नजारा मिला कि अधिकारी भी हैरान रह गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग, दुर्गापुर नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुचिपाड़ा के कई होटलों में अचानक छापा मारा।
फ्रिज खोला तो सबके होश उड़ गए
जांच में जो मिला, वो किसी का भी पेट खराब कर दे –
1. एक ही फ्रिज में इंसान और कुत्ते का खाना: जिस फ्रिज में ग्राहकों के लिए चिकन-पनीर रखा था, उसी में कुत्तों का भोजन भी ठूंसा हुआ था।
2. फंगस लगा चिकन और फफूंदी लगा पनीर: चिकन पर फंगस जम गया था, पनीर पर फफूंदी लगी थी।
3.बासी का भंडार: पुराने मसाले, कई दिन पुराना बासी चावल, सड़ी सब्जियां और चना मसाला मिला।
सबसे बड़ी गड़बड़ी ये थी कि किसी भी खाने पर बनाने की तारीख और टैग ही नहीं था। यानी खाना कब का है, किसी को नहीं पता।
अधिकारियों ने लगाई जमकर फटकार
रसोई में फैली गंदगी देखकर अधिकारियों ने होटल मालिकों को जमकर फटकार लगाई और साफ कहा – “इंसानों का खाना और जानवरों का खाना एक साथ नहीं रख सकते। नियम तोड़ोगे तो होटल सील होगा।”
अब बड़ा सवाल यही है –
क्या इन्हीं होटलों में ग्राहकों को बासी और फफूंदी लगा खाना परोसा जा रहा था? और सेहत के साथ ये खिलवाड़ कब रुकेगा?
फिलहाल विभाग ने सभी होटलों को नोटिस दिया है और नियमित जांच का ऐलान किया है।













