Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

सालानपुर में मौत का पत्थर! खदान की ब्लास्टिंग से छत तोड़कर घर में गिरा विशाल पत्थर, महिला का सिर फटा – 3 घंटे ठप रहा कोयला उत्पादन

शिल्पांचल टुडे, सालानपुर।
कोयले के लिए हो रही ब्लास्टिंग अब लोगों की जान पर बन आई है। ईसीएल के बनजेमारी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) में मंगलवार दोपहर हुई ब्लास्टिंग में एक विशाल पत्थर उछलकर सीधे एक घर की छत तोड़ता हुआ अंदर गिर गया।

छत तोड़कर महिला के सिर पर गिरा पत्थर

यह हादसा न्यू कॉलोनी निवासी त्यागी पासवान के घर में हुआ। ब्लास्टिंग का पत्थर एस्बेस्टस की छत को चीरता हुआ कमरे में जा गिरा। उस वक्त घर में मौजूद उनकी पत्नी संगीता देवी के सिर पर पत्थर लगा और वह बुरी तरह घायल हो गईं।

परिजन आनन-फानन में उन्हें आसनसोल के एक निजी अस्पताल लेकर भागे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ग्रामीण बोले – घरों में पड़ रही हैं दरारें

ग्रामीणों का आरोप है कि बनजेमारी में लंबे समय से हो रही भारी ब्लास्टिंग से आसपास के घरों में दरारें पड़ गई हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मंगलवार की घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक ठप रहा उत्पादन

गुस्साए ग्रामीणों ने दोपहर करीब 3 बजे ओसीपी का कोयला उत्पादन और परिवहन पूरी तरह बंद कर दिया।

उनकी 4 बड़ी मांगें थीं –
1.घायल संगीता देवी के इलाज का पूरा खर्च ECL उठाए
2. पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले
3. बड़े अधिकारियों के साथ बैठक हो
4. आबादी के पास भारी ब्लास्टिंग हमेशा के लिए बंद हो

करीब 3 घंटे के विरोध के बाद शाम 6 बजे OCP एजेंट के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया। फिलहाल ब्लास्टिंग बंद रखने का आश्वासन मिला है।

ग्रामीणों को चाहिए स्थायी समाधान, सिर्फ आश्वासन नहीं

ग्रामीणों ने साफ कहा है – “हमें अस्थायी आश्वासन नहीं चाहिए। या तो आबादी के पास ब्लास्टिंग बंद करो, या मुआवजा देकर पूरे गांव को सुरक्षित जगह बसाओ।”

अब सवाल यही है – कोयला उत्पादन बड़ा है या लोगों की जान?

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *