प्रोटोकॉल छोड़ बाजार में उतरे मंत्री अजय पोद्दार! धनतेरस पर बराकर में की जमकर खरीदारी, दुकानदारों संग चाय पर की दिल की बात
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
धनतेरस का दिन था, और बराकर बाजार दुल्हन की तरह सजा हुआ था। सुबह से ही बाजार में ऐसी भीड़ उमड़ी कि पैर रखने की जगह नहीं थी। कोई सोने-चांदी की दुकान पर था, तो कोई बर्तन, कोई मिट्टी के दीये और कोई मां लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीद रहा था।
इसी त्योहारी भीड़ के बीच अचानक लोगों ने देखा – राज्य के PWD मंत्री अजय कुमार पोद्दार खुद बाजार में पहुंच गए हैं। न कोई बड़ा काफिला, न कोई दिखावा। बिल्कुल आम ग्राहक की तरह।
मूर्ति, दीये और पूजा का सामान खरीदा
मंत्री ने बाजार में घूम-घूमकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां, मिट्टी के दीये, फूल-माला और पूजा की सामग्री खरीदी। दुकानदारों से दाम भी पूछे और त्योहार की शुभकामनाएं भी दीं।
बाजार में मौजूद लोगों ने मंत्री को अपने बीच पाकर खूब खुशी जताई। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
दुकानदारों से पूछा – बिक्री कैसी चल रही है?
यह दौरा सिर्फ खरीदारी के लिए नहीं था। मंत्री ने एक-एक दुकान पर जाकर छोटे-बड़े सभी दुकानदारों से मुलाकात की।
उन्होंने पूछा – “इस बार धनतेरस पर बिक्री कैसी है? ग्राहक आ रहे हैं? कोई दिक्कत तो नहीं है?”
व्यापारियों ने भी खुलकर अपनी बात रखी। किसी ने बिक्री अच्छी होने की बात कही, तो किसी ने बाजार में भीड़ और पार्किंग की समस्या बताई। मंत्री ने सबकी बात ध्यान से सुनी।
व्यापारियों के चेहरे पर दिखी खुशी
धनतेरस जैसे बड़े त्योहार पर मंत्री का इस तरह सीधे बाजार में आना व्यापारियों के लिए खास बन गया। दुकानदारों का कहना था कि नेता आते तो हैं, लेकिन इस तरह आम आदमी बनकर हाल पूछने वाले कम ही मिलते हैं।
बराकर बाजार में धनतेरस की रौनक के बीच मंत्री का यह सीधा संवाद ही इस दौरे की सबसे बड़ी खासियत रही।













