दुर्गापुर से लौटने से पहले ही ताजपुर में बवाल! BJP कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़, पार्टी ऑफिस में आगजनी, 6 घायल – BJP-TMC में वार-पलटवार
शिल्पांचल टुडे, बांकुड़ा।
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में राजनीतिक हिंसा से तनाव फैल गया है। आरोप है कि BJP कार्यकर्ताओं के घरों में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और लूटपाट की गई। इतना ही नहीं, BJP के स्थानीय पार्टी कार्यालय में आग लगा दी गई। इस घटना में 5 से 6 लोग घायल हुए हैं।
दुर्गापुर के कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद?
बताया जा रहा है कि पूरे विवाद की शुरुआत दुर्गापुर में आयोजित BJP के पार्टी कार्यक्रम से हुई। बांकुड़ा जिले के अलग-अलग इलाकों के साथ बड़जोड़ा ब्लॉक के ताजपुर गांव से भी BJP कार्यकर्ता तीन बसों में सवार होकर कार्यक्रम में शामिल होने दुर्गापुर गए थे।
आरोप है कि BJP कार्यकर्ताओं के घर लौटने से पहले ही ताजपुर गांव में हमला शुरू हो गया। कथित तौर पर कई BJP कार्यकर्ताओं के घरों में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और लूटपाट की गई। इसके बाद स्थानीय BJP पार्टी कार्यालय में आग लगा दी गई।
घटना में घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है।
BJP का आरोप – TMC समर्थकों ने किया हमला
इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। BJP की ओर से हमले के लिए TMC समर्थित लोगों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
TMC का पलटवार – BJP ने ही की तोड़फोड़
वहीं, TMC की ओर से भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया गया है कि BJP कार्यकर्ताओं ने इलाके में TMC समर्थकों के घरों में तोड़फोड़ और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की है।
पुलिस जांच पर टिकी नजर
ताजपुर की घटना में दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, हिंसा के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।













