गोविंद नगर गुरुद्वारा में भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा महासचिव रघुबीर सिंह का भव्य सम्मान, सुवेंदु अधिकारी को भेंट किया जाएगा गोल्डन टेंपल का प्रतीक चिन्ह
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
मंगलवार को आसनसोल के गोविंद नगर गुरुद्वारा खालसा सिख संगत में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सिख वेलफेयर सोसाइटी और आसनसोल सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पश्चिम बंगाल भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा के महासचिव रघुबीर सिंह और बैरकपुर खालसा इंग्लिश स्कूल के अध्यक्ष हरपवनजोत सिंह गिल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गुरुद्वारों की प्रबंधक कमेटियों के प्रधान एवं सचिव शामिल हुए।
एजुकेशन अवार्ड में नहीं पहुंच पाए थे, इसलिए हुआ सम्मान
इस अवसर पर सिख वेलफेयर सोसाइटी के फाउंडर अध्यक्ष सुरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि एजुकेशन अवार्ड 2026 कार्यक्रम में रघुबीर सिंह को आमंत्रित किया गया था, लेकिन किसी कारणवश वह शामिल नहीं हो पाए थे। इसी वजह से मंगलवार को गोविंद नगर गुरुद्वारा सिख संगत की मौजूदगी में उन्हें सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सिख समाज की विभिन्न समस्याओं, सरकारी सुविधाओं और समाज के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सुवेंदु अधिकारी को भेंट किया जाएगा प्रतीक चिन्ह
कार्यक्रम के दौरान सिख वेलफेयर सोसाइटी की ओर से दरबार साहिब, गोल्डन टेंपल अमृतसर का एक प्रतीक चिन्ह रघुबीर सिंह को सौंपा गया। उनसे आग्रह किया गया कि वह यह प्रतीक चिन्ह भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी तक पहुंचाएं।
रघुबीर सिंह ने जताया आभार, कैंप लगाने का दिया आश्वासन
इस मौके पर रघुबीर सिंह ने सिख समाज की ओर से मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिख समाज को आगे बढ़ाने, सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने और समाज की तरक्की के लिए किस तरह काम किया जाए, इस पर बैठक में चर्चा हुई है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में सिख समाज और माइनॉरिटी समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए बड़े स्तर पर सरकारी कैंप आयोजित करने की योजना है। इसके लिए उन्होंने सिख वेलफेयर सोसाइटी के सुरजीत सिंह मक्कड़ से पूरी व्यवस्था देखने और सरकार के साथ बातचीत करने को कहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
रघुबीर सिंह ने कहा कि सिख समाज की ओर से उन्हें दरबार साहिब, गोल्डन टेंपल अमृतसर का प्रतीक चिन्ह दिया गया है, जिसे वह सुवेंदु अधिकारी को भेंट करेंगे। साथ ही आज की बैठक में हुई पूरी चर्चा की जानकारी भी उन्हें दी जाएगी।
स्त्री सत्संग सभा का भी हुआ सम्मान
इस दौरान गोविंद नगर गुरुद्वारा खालसा सिख संगत की स्त्री सत्संग सभा को भी सिख वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सम्मानित किया गया।
कौन-कौन रहे मौजूद
कार्यक्रम में सिख वेलफेयर सोसाइटी के फाउंडर अध्यक्ष सुरजीत सिंह मक्कड़, वर्तमान अध्यक्ष हरजीत सिंह बग्गा, प्रवक्ता मनजीत सिंह, निर्मल सिंह, गुरदीप सिंह, जसपाल सिंह, कमलजीत सिंह, तरन सिंह, चंपू सिंह, दलजीत सिंह, सुखबीर सिंह, जसविंदर सिंह घूमन, जसबीर सिंह सिद्धू, सतविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, तरसेम सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
वहीं, गोविंद नगर गुरुद्वारा खालसा सिख संगत की प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधान सतनाम सिंह, सचिव जयंत सिंह, उपाध्याय मोहन सिंह, अर्जुन सिंह, मनजीत सिंह, संतोख सिंह, पूर्व सदस्य सोहन सिंह, प्रताप सिंह, प्रगट सिंह, सलविंदर सिंह, पाल सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।













