हावड़ा में धूमधाम से मनाया गया प्रथम गोवर्धन पूजा महोत्सव, लाठी खेल के प्रदर्शन ने जीता दिल, नंद बिहारी यादव बोले – यादव ही सत्य और न्याय का सच्चा मित्र है
शिल्पांचल टुडे, हावड़ा।
पश्चिम बंगाल यादव समाज के तत्वावधान में हावड़ा के सामुदायिक भवन में प्रथम गोवर्धन पूजा महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में यदुवंशी शामिल हुए।
गोवर्धन पर्वत और गौ माता की हुई पूजा
दोपहर बाद कार्यक्रम की शुरुआत गोवर्धन पर्वत एवं गाय की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद यदुवंशियों की सभ्यता और संस्कृति के अनुरूप अखाड़ा में लाठी खेलने का भव्य प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसमें समाज के नौजवानों से लेकर बड़े-बुजुर्गों तक सभी ने अपने लाठी खेल का शानदार प्रदर्शन दिखाया, जिसे देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
प्रदेश भर से आए अतिथियों का हुआ सम्मान
तत्पश्चात एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के प्रदेश भर से आए हुए विशिष्ट अतिथियों को मंच पर सम्मानित किया गया। साथ ही वेस्ट बंगाल यादव समाज के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
नंद बिहारी यादव का ओजस्वी संबोधन
कार्यक्रम में आए हुए कोयलांचल के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं यादव समाज के बुजुर्ग समाजवादी नेता नंद बिहारी यादव ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि यादव समाज का इतिहास भारतीय गणतंत्र की बुनियाद एवं सभ्यता संस्कृति है।
उन्होंने कहा, “भारतीय गणतंत्र यादवों की ताकत और उसके सभ्यता-संस्कारों से सींची गई वह पृष्ठभूमि है, जो पूरे दुनिया में गणतंत्र की पहचान और व्याख्या को निर्धारित करती है कि लोकतंत्र की जननी भारत है और भारत की पहचान यादवों की गणतंत्र की ताकत से है।”
एक दोहा की पंक्ति पढ़ते हुए उन्होंने कहा, “अहीर मिताई तब होवे जब सब मित्र मर जाए”
श्री यादव ने कहा, “यादव कभी अपने लिए नहीं जीता है। वह समाज के उस प्रत्येक व्यक्ति और नागरिक का ख्याल रखता है, जो प्रगति और विकास की धारा में पीछे छूट गया है। उसके लिए यादव समाज सोचता है और उसके लिए लड़ता है।”
उन्होंने आगे कहा, “जब समाज में न्याय और सत्य का युद्ध होता है, जब न्याय अपने को कमजोर महसूस करता है, सत्य अपने को जूझता हुआ और हारता हुआ महसूस करने लगता है और जब लगता है कि उसका कोई मित्र नहीं है, तो अहीर यानी यादव ही उसका मित्र बनकर खड़ा होता है और सत्य और न्याय को जीत की मंजिल तक पहुंचाता है।”
श्रीकृष्ण के वंशज हैं यादव
नंद बिहारी यादव ने कहा कि यादव भगवान श्री कृष्ण के वंशज हैं और भगवान श्री कृष्ण इस पूरे ब्रह्मांड में ऐसे योगीराज थे कि इस धरती पर न तो उनसे बड़ा कोई राजनीतिज्ञ, न ही उनसे बड़ा कोई कूटनीतिज्ञ और न ही उनसे बड़ा कोई विद्वान हुआ। संपूर्ण ब्रह्म उनमें निहित था।
“पूरे संसार को ज्ञान का दीपक जलाने वाले यादव श्री कृष्ण ही थे, जिन्होंने गीता का संदेश देकर पूरे संसार को जीवन जीने की कला सिखाई,” उन्होंने कहा।
उन्होंने कहा कि इसलिए यादव समाज को प्रथम समाज और अपने देश और अपने नागरिकों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति के लिए जीना ही यादव की परिभाषा है। अपने लिए जीना यादव की परिभाषा नहीं हो सकती। यादव जाति, धर्म, भाषा से ऊपर उठकर पूरे समाज की रक्षा करता है, पूरे समाज के लिए जीता है, यही यादव की पहचान और प्रतीक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
गोवर्धन पूजा महोत्सव को सफल बनाने में तैयारी समिति के संयोजक शिक्षक उमेश कुमार यादव, युवा नेता विकास कुमार यादव तथा पारस चौधरी एवं समाज के सभी लोगों का विशेष योगदान रहा।
इसके साथ ही यादव समाज के सचिव संजय कुमार यादव, मुसाफिर राय, राधेश्याम यादव, जगदीश राय, शिवनाथ यादव एवं पश्चिम बंगाल के कोने-कोने से आए डॉ. मुकेश यादव, डॉ. रविंद्र यादव, अधिवक्ता प्रकाश यादव सहित भारी संख्या में यादव समाज के लोग मौजूद रहे।













