आसनसोल में साहित्य का महाकुंभ! श्यामा साहित्य पत्रिका के 5वें वार्षिक श्यामा अंक का भव्य लोकार्पण, डॉ. समुद्र बसु और डॉ. तिलक पुरकायस्थ को मिला ‘श्यामा पुरारत्न सम्मान’
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
बांग्ला साहित्य और संस्कृति को समृद्ध करने और नवोदित लेखकों को मंच देने वाली ‘श्यामा साहित्य पत्रिका’ के पांचवें वार्षिक श्यामा अंक का भव्य लोकार्पण किया गया।
आसनसोल जिला कोर्ट स्थित जिला बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित इस समारोह में साहित्य, संस्कृति, न्याय और प्रशासनिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। पूरा सभागार साहित्य प्रेमियों से खचाखच भरा रहा।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पत्रिका के मुख्य सलाहकार एवं आसनसोल जिला अदालत के जी.आर.ओ देबाशीष चौधरी द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
दो दिग्गजों को मिला ‘श्यामा पुरारत्न सम्मान’
इस अवसर पर श्यामा साहित्य परिवार की ओर से प्रख्यात शोधकर्ता डॉ. समुद्र बसु एवं प्रतिष्ठित शोधकर्ता डॉ. तिलक पुरकायस्थ को ‘श्यामा पुरारत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच अन्य विशिष्ट हस्तियों को भी सम्मान प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।
5 साल से नवोदित लेखकों को दे रही मंच
उल्लेखनीय है कि पिछले पांच वर्षों से श्यामा साहित्य पत्रिका बांग्ला साहित्य एवं संस्कृति को समृद्ध करने के साथ-साथ नए लेखकों और साहित्यकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
पत्रिका का यह वार्षिक अंक इसी साहित्यिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
ये हस्तियां रहीं मौजूद
उक्त समारोह में प्रख्यात शोधकर्ता डॉ. समुद्र बसु, पूर्व न्यायाधीश देबाशीष चौधरी, आसनसोल करेक्शनल होम के अधीक्षक सुजीत कुमार पाल, वरिष्ठ अधिवक्ता शेखर कुंडू, आसनसोल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अयन रंजन मुखर्जी, आसनसोल दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी, वकील तथा पत्रकार अभय गिरि सहित अनेक प्रतिष्ठित कवि, साहित्यकार, बुद्धिजीवी एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित थे।













