बर्दवान में छठ का महा-धमाका! 10 हजार लीटर गंगाजल से पवित्र होगा आमबागान तालाब, पहली बार होगा भव्य लेजर शो – जिलाधिकारी ने खुद संभाली कमान
शिल्पांचल टुडे, बर्दवान।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर इस बार बर्दवान शहर में ऐसी तैयारी हो रही है, जैसी पहले कभी नहीं हुई। शहर के वार्ड नंबर 6 स्थित आमबागान छठ घाट पर आयोजकों ने वो कर दिखाया है, जो पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
10 हजार लीटर गंगाजल से होगा शुद्धिकरण
आमबागान के छठ तालाब में इस बार 10 हजार लीटर गंगाजल डाला गया है। कालना के धात्रीग्राम से भागीरथी नदी का पवित्र जल लाकर तालाब में मिलाया गया। आयोजकों का दावा है कि बर्दवान के इतिहास में छठ के लिए इस तरह की पहल पहली बार हुई है।
छठ पूजा समिति के सदस्य सुधीर रंजन साव उर्फ जग्गू ने बताया, “पहले यह तालाब कूड़े-कचरे से भरा रहता था, व्रतियों को बहुत परेशानी होती थी। हमने तालाब का जीर्णोद्धार कराया और अब गंगाजल डालकर इसे पूरी तरह पवित्र कर दिया है, ताकि हमारी माताओं-बहनों को शुद्ध जल में अर्घ्य देने का सौभाग्य मिले।”
पहली बार लेजर शो बनेगा आकर्षण
इस वर्ष आमबागान की छठ पूजा का सबसे बड़ा आकर्षण होगा भव्य लेजर शो। बर्दवान में छठ पूजा में पहली बार इस तरह का विशेष लेजर शो आयोजित किया जा रहा है।
पूजा का उद्घाटन राज्य की उद्योग राज्यमंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा करेंगी। वहीं मालदह के सांसद खगेन मुर्मू और दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण घरुई के भी शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने किया घाटों का निरीक्षण
दूसरी ओर, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व बर्दवान की जिलाधिकारी श्वेता अग्रवाल ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। प्रशासन ने व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पांच नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की है।
गंगाजल से तालाब का शुद्धिकरण और पहली बार लेजर शो का आयोजन इस बार आमबागान की छठ पूजा को सबसे खास बना रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे।














