आज है छठ का सबसे कठिन दिन! खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, गुड़ की खीर-रोटी से होगा संकल्प – जानिए पूरा विधि-विधान
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
लोक आस्था के महापर्व छठ का आज दूसरा और सबसे पवित्र दिन है। आज खरना यानी लोहंडा मनाया जा रहा है। आज शाम से ही व्रतियों का वो कठिन तप शुरू होगा, जिसे दुनिया का सबसे कठिन व्रत माना जाता है – लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत।
आज व्रती पूरे दिन अन्न और जल का त्याग कर उपवास रखेंगे और शाम को विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करेंगे।
क्या है खरना की परंपरा?
खरना के दिन व्रती सुबह स्नान के बाद पूरे दिन उपवास रखते हैं। घरों में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। शाम के समय स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद पूजा की तैयारी की जाती है।
मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी तैयार की जाती है। कई जगहों पर गन्ने के रस से बनी खीर का भी विशेष महत्व है। इसके अलावा पूजा में केले और अन्य मौसमी फलों का इस्तेमाल किया जाता है।
तैयार प्रसाद भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्पित करने के बाद व्रती इसे ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करना विशेष धार्मिक महत्व रखता है।
खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का सबसे कठिन चरण शुरू होता है। इसके बाद लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखा जाता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करते।
यह व्रत अगले दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देने और उसके अगले दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के बाद पारण के साथ पूरा होता है।
खरना का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरना आत्मशुद्धि, संयम, श्रद्धा और तपस्या का प्रतीक है। छठ पर्व में भगवान सूर्य को ऊर्जा, स्वास्थ्य और जीवन का आधार मानकर उनकी उपासना की जाती है। वहीं छठी मैया से संतान की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है।
चार दिनों तक चलेगा छठ महापर्व
– 13 नवंबर (शुक्रवार): नहाय-खाय
– 14 नवंबर (शनिवार): खरना एवं लोहंडा
– 15 नवंबर (रविवार): संध्या अर्घ्य, डूबते सूर्य की उपासना
– 16 नवंबर (सोमवार): उषा अर्घ्य, उगते सूर्य को अर्घ्य और व्रत का पारण
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी पर्व है। इस अवसर पर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ छठी मैया की आराधना कर रहे हैं।
छठी मैया सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और हर परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखें।














