नियामतपुर सूर्य मंदिर के पास नवनिर्मित छठ घाट का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
छठ महापर्व की तैयारियों के बीच कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में कुल्टी विधानसभा के वार्ड संख्या 59 स्थित नियामतपुर सूर्य मंदिर के समीप नियामतपुर सार्वजनिक छठ पूजा समिति के कार्यक्रम में मंत्री अजय पोद्दार शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर छठ महापर्व की तैयारियों पर चर्चा की।
नवनिर्मित छठ घाट और सीढ़ियों का उद्घाटन
आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नवनिर्मित छठ घाट एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाई गई नई सीढ़ियों का विधिवत लोकार्पण किया गया। इससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सूर्य मंदिर में की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम के दौरान मंत्री अजय पोद्दार ने सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मातृशक्ति के बीच पूजन सामग्री और श्रद्धालुओं के बीच मिठाइयों का वितरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
आस्था, परंपरा और जनसुविधा के संगम के बीच नियामतपुर में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।














