पानागढ़ पुस्तक मेला एवं साहित्य उत्सव का भव्य शुभारंभ, 19 नवंबर तक चलेगा आयोजन
शिल्पांचल टुडे
पानागढ़: पश्चिम बर्दवान जिले के पानागढ़ बाजार स्थित मित्र संघ फुटबॉल मैदान में शनिवार को दूसरे वर्ष के पानागढ़ पुस्तक मेला एवं साहित्य उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। 14 से 19 नवंबर तक चलने वाले इस छह दिवसीय आयोजन का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में गलसी के विधायक राजू पात्रा, कांकसा के बीडीओ सौरव गुप्ता, दोमड़ा रामकृष्ण आश्रम के महाराज, पुस्तक मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुरेश चंद्र जायसवाल, उत्तम केश, सचिव जयदेव पांजा, कन्वेनर संदीप मुखर्जी, जिला नेता रमन शर्मा, सत्यव्रत मुखर्जी, अभिषेक तिवारी, सुशील शर्मा और अरुण शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र जायसवाल के स्वागत भाषण से हुई। इस अवसर पर विधायक राजू पात्रा ने पुस्तक मेला आयोजन समिति को 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में पुस्तकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करने और साहित्य एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका बताई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र जायसवाल और कन्वेनर सत्यव्रत मुखर्जी ने बताया कि छह दिनों तक पुस्तक मेले के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता
मेले में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक पुस्तक प्रेमियों के लिए विभिन्न प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। उद्घाटन के पहले दिन नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
आयोजकों के अनुसार, इस मेले का मुख्य उद्देश्य पुस्तक प्रेमियों, लेखकों, कवियों, प्रकाशकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना तथा नई पीढ़ी में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना है।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों और साहित्यप्रेमियों से मेले में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।














