बिरसा मुंडा की जयंती पर इतिहास रच दिया! पांडवेश्वर में 30 से अधिक आदिवासी परिवारों को मिला जमीन का पट्टा, विधायक जितेंद्र तिवारी के हाथों मिला स्वामित्व का अधिकार – आंखों में आंसू, चेहरे पर मुस्कान
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
जनजातीय गौरव दिवस यानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर पांडवेश्वर में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे लोग सालों तक याद रखेंगे। दुर्गापुर-फरीदपुर बीडीओ कार्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 30 से अधिक आदिवासी परिवारों को उनकी जमीन का पट्टा (स्वामित्व अधिकार पत्र) सौंपा गया।
यह पट्टा विधायक जितेंद्र तिवारी ने अपने हाथों से सौंपा। पट्टा मिलते ही कई परिवारों की आंखें भर आईं। सालों से जिस जमीन पर वे रह रहे थे, आज उस पर कानूनी रूप से उनका हक हो गया।
अब जमीन हमारी है, कोई नहीं छीन सकता!
इस पहल के तहत आदिवासी परिवारों को उनकी जमीन पर कानूनी स्वामित्व का अधिकार प्रदान किया गया। अब इन परिवारों को जमीन की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और भविष्य की स्थिरता मिलेगी। अब कोई भी उनकी जमीन पर गलत नजर नहीं डाल सकेगा।
एक लाभार्थी ने भावुक होकर कहा –
“पहले डर लगता था कि कहीं जमीन छिन न जाए। आज विधायक जी ने पट्टा देकर हमें मालिक बना दिया। यह हमारे लिए सिर्फ कागज नहीं, हमारी इज्जत है।”
जितेंद्र तिवारी बोले – “जमीन का अधिकार, आत्मसम्मान का अधिकार है”
इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान को सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा –
“जमीन का अधिकार केवल संपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवारों के आत्मसम्मान, सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है। आदिवासी समाज का सम्मान ही हमारा संकल्प है।”
धरती आबा को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था, आज उन्हीं के आदर्शों पर चलकर आदिवासी परिवारों को उनका हक दिया जा रहा है।
जनजातीय गौरव दिवस पर जमीन का अधिकार मिलने से आदिवासी परिवारों के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। यह दिन अब उनके लिए सिर्फ जयंती नहीं, बल्कि हक और सम्मान का दिन बन गया है।














