Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कोलकाता में गूंजा “जय श्री राम – जय हनुमान”! नेताजी इंडोर स्टेडियम में 5 लाख कंठों से हुआ महा हनुमान चालीसा पाठ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बोले – “यही युवा 2047 में बनाएंगे विकसित भारत, जो विरोध करते हैं उन्हें युवा ही जवाब देंगे”

शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को लेकर एक भव्य आयोजन किया गया। कोलकाता के ऐतिहासिक नेताजी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को 5 लाख कंठों से हनुमान चालीसा पाठ का विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुआ।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, भाजपा के वरिष्ठ नेता, साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पहले गीता पाठ, अब हनुमान चालीसा पाठ

इससे पहले 27 सितंबर को इसी नेताजी इंडोर स्टेडियम में 11 हजार कंठों से गीता पाठ का आयोजन हुआ था। अब हनुमान चालीसा पाठ के इस बड़े आयोजन ने एक बार फिर कोलकाता को धार्मिक गतिविधियों के केंद्र में ला दिया।

युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने का संकल्प

आयोजकों के अनुसार, सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों सनातनी श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सामूहिक पाठ और उसकी पुनरावृत्ति को मिलाकर कुल 5 लाख बार हनुमान चालीसा पाठ पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख संत पूज्य आचार्य श्री रामचंद्र दास जी महाराज के विशेष सानिध्य और निर्देशन में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना, समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और विश्व शांति का संदेश देना है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का युवाओं को संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने युवा पीढ़ी की भागीदारी का स्वागत किया।

उन्होंने कहा, “हमारी युवा पीढ़ी हनुमान चालीसा पाठ करने आई है, यही युवा पीढ़ी 2047 में विकसित भारत बनाएगी। हमारी नई पीढ़ी भारत को विश्व गुरु बनाएगी। मैं उनका स्वागत करता हूं।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि युवा पीढ़ी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनकी सरकार युवाओं के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा कि जो लोग गीता पाठ और हनुमान चालीसा पाठ का विरोध करते हैं, उन्हें यह युवा पीढ़ी जवाब देगी।

29 दिसंबर को 10 लाख कंठों से महागीता पाठ का ऐलान

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक और बड़े धार्मिक आयोजन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 29 दिसंबर को कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में 10 लाख कंठों से महागीता पाठ आयोजित किया जाएगा।

सनातन संस्कृति और युवा शक्ति पर विशेष जोर

नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए आयोजकों ने धार्मिक एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और युवा भागीदारी का संदेश देने का प्रयास किया।

अब सबकी निगाहें 29 दिसंबर को प्रस्तावित महागीता पाठ पर टिकी हैं, जिसमें 10 लाख कंठों को एक साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed