बंगाल में 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए BIG BREAKING! 2027 की माध्यमिक-उच्च माध्यमिक परीक्षा की तारीखें बदलीं, जानिए अब कब से शुरू होगा एग्जाम
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
पश्चिम बंगाल के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में 2027 की माध्यमिक (कक्षा 10) और उच्च माध्यमिक (कक्षा 12) परीक्षाएं अब पहले निर्धारित कार्यक्रम के बजाय मार्च-अप्रैल में आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन के अनुसार, जनगणना कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के कारण दोनों बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया गया है।
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा कब से होगी?
प्रस्तावित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार:
– माध्यमिक परीक्षा: 2 मार्च से 16 मार्च 2027 तक
– उच्च माध्यमिक परीक्षा: 19 मार्च से 12 अप्रैल 2027 तक
क्यों बदली गई परीक्षा की तारीख?
दरअसल, 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित है। इस दौरान सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगाई जाएगी।
ऐसे में बोर्ड परीक्षाओं के संचालन और परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त निरीक्षकों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
विद्यार्थियों के सामने नई चुनौती
माध्यमिक परीक्षा समाप्त होने और उच्च माध्यमिक परीक्षा शुरू होने के बीच केवल दो दिनों का अंतर रहेगा। इससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी और परीक्षा प्रबंधन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे नए शेड्यूल के हिसाब से ही अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें।













