Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

ईसीएल में “पर्यावरण सप्ताह” का उद्घाटन

कुल्टी । ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) में शुक्रवार को “पर्यावरण सप्ताह” का शुभारंभ कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश झा के कर-कमलों द्वारा बराचक हाउस में किया गया। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) मो. अंजार आलम, निदेशक (तकनीकी/ संचालन) नीलाद्रि रॉय, निदेशक (मानव संसाधन) गुनजन कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी/ परियोजना एवं योजना) गिरीश गोपीनाथन नायर एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, दीप्ति पटेल भी उपस्थित रही। इस आयोजन की शोभा शताक्षी महिला मण्डल, ईसीएल की उपाध्यक्षाओं, संचिता रॉय तथा गीता राधामणि की गरिमामयी उपस्थिति से और भी बढ़ गई। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई, जो पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति ईसीएल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सीएमडी सतीश झा ने “पर्यावरण सप्ताह” का विधिवत उद्घाटन किया तथा उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रेरणादायक शब्दों में पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पण का संदेश दिया। अपने संबोधन में श्री झा ने जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए खनन क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ईसीएल द्वारा आरंभ किए गए प्लास्टिक से पेवर ब्लॉक निर्माण संयंत्र की सराहना की, जो अपशिष्ट को उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करने की दिशा में एक अभिनव पहल है। इसके साथ ही उन्होंने ओबी से एम-सैंड (निर्माण रेत) संयंत्रों की स्थापना का सुझाव भी दिया, जिससे खनन से उत्पन्न ओवरबर्डन के निपटान में सहायता मिलेगी एवं पर्यावरणीय प्रभाव कम किया जा सकेगा। सीएमडी, ईसीएल ने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि पर्यावरण के प्रति अपने प्रयासों को केवल एक सप्ताह तक सीमित न रखें, बल्कि पूरे वर्ष भर इसे सतत रूप से जारी रखें। उन्होंने ईसीएल की इस दिशा में हो रही प्रगति की सराहना की एवं इसे और बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। पर्यावरण सप्ताह के उपलक्ष्य में ईसीएल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें क्विज़, चित्रकला प्रतियोगिता, सोशल मीडिया पर रील मेकिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ शामिल हैं, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों में पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। इस कार्यक्रम में मनीष दास, महाप्रबंधक (सतर्कता), मृत्युंजय कुमार, महाप्रबंधक (पर्यावरण एवं वन) तथा रजत चटर्जी, निदेशक (तकनीकी/ परियोजना एवं योजना) के तकनीकी सचिव की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। यह उद्घाटन समारोह “पर्यावरण सप्ताह” के लिए एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शुरुआत रहा, जो खनन गतिविधियों के पर्यावरण पर प्रभाव को न्यूनतम करने और कर्मचारियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
         This image has an empty alt attribute; its file name is WhatsApp-Image-2021-08-12-at-22.47.27.jpeg
This image has an empty alt attribute; its file name is WhatsApp-Image-2021-08-12-at-22.48.17.jpeg
 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *