सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए सचिन राय ने शिल्पांचल के बंद पड़े कारखानों को खोलने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
आसनसोल । फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (फॉसबेक्की ) के अध्यक्ष सचिन राय ने मुख्यमंत्री बनर्जी को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में उन्होंने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का हवाला दिया है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट द्वारा बंद पड़े हिंद मोटर कारखाने की जमीन को पश्चिम बंगाल सरकार को वापस लौटाने की बात कही है। सचिन राय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जो यह आदेश दिया गया है। वह ऐतिहासिक है और इसके दुरगामी परिणाम हो सकते हैं जो की इस क्षेत्र में व्यापार और औद्योगीकिकरण को एक नई दिशा प्रदान कर सकते हैं। सचिन राय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लिखे पत्र में उनसे अनुरोध किया है कि सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश की रौशनी में अब आसनसोल में बंद पड़े ब्लू फैक्ट्री, इंडियन ऑक्सीजन तथा ग्लास फैक्ट्री की जमीनों को पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा अधिग्रहण करने की बात सोचने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट के हिंद मोटर वाले फैसले को उदाहरण मानते हुए अब यह सोचने की जरूरत है कि किस तरह से प्रशासनिक तरीके से ब्लू फैक्ट्री, ऑक्सीजन फैक्ट्री और ग्लास फैक्ट्री जो कि लंबे समय से बंद पड़ी है। उनकी जमीनों को पश्चिम बंगाल सरकार फिर से अपने अधिकार में ले सकें। ताकि वहां पर औद्योगीकिकरण की एक नई बयार चल सके जो कि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को एक नया आयाम प्रदान करेगी। सचिन राय ने अपने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अनुरोध किया है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जो ऐतिहासिक फैसला दिया गया है, उस फैसले के आधार पर पश्चिम बंगाल और खासकर पश्चिम बर्दवान जिले में औद्योगिकरण को एक नया बल मिलने की संभावना पैदा हुई है। सचिन राय ने मुख्यमंत्री ममता से अनुरोध किया है कि वह इस संभावना को वास्ता में बदलने के लिए जरूरी प्रशासनिक कदम उठाएं।


















