Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

चंद्र चूर मंदिर के पास एन एच 19 पर हुई अचानक भू धंसान से लोगों में दहशत

आसनसोल । आसनसोल उतर थाना अंतर्गत एनएच 19 स्थित चंद्र चूर मंदिर के पास रविवार सुबह लगभग 5 बजे एक तेज धमाके के साथ भू-धंसान की घटना ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया। इस घटना में सड़क के बीचों-बीच लगभग 25 फीट गहरा और 6 से 8 फीट चौड़ा एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इस हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे मालवाहक ट्रकों और अन्य वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है और आसनसोल नॉर्थ ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं वाहन चालक जान जोखिम में डालकर गड्ढे के किनारे से अपने वाहनों को निकालने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में ईसीएल द्वारा संचालित भूमिगत कोयला खदानों की उचित भराई न होने के कारण बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं। उनका आरोप है कि खदानों की अनदेखी के चलते भू-धंसान की समस्या बढ़ रही है। निवासियों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी इस इलाके में भू-धंसान की वजह से एक स्थानीय क्लब पूरी तरह जमींदोज हो चुका है। हम हर बारिश में डर के साये में जीते हैं। स्थानीय लोगों ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में उन्हें हमेशा भू-धंसान का डर सताता रहता है। एक निवासी ने कहा, “हमें हर वक्त यह डर लगा रहता है कि कहीं हमारा घर या परिवार इस तरह की घटना का शिकार न हो जाए।” लोगों ने प्रशासन और ईसीएल से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। आसनसोल नॉर्थ ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गड्ढे की भराई और सड़क को पुनः यातायात के लिए सुचारू करने के लिए संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

 

         This image has an empty alt attribute; its file name is WhatsApp-Image-2021-08-12-at-22.47.27.jpeg
This image has an empty alt attribute; its file name is WhatsApp-Image-2021-08-12-at-22.48.17.jpeg

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *