पुलिस विशेष अभियान चलाकर डामरा नदी घाट से बालू से लदे 12 ट्रैक्टरों को किया जब्त
आसनसोल । आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से बालू और कोयले की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार रात आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के डामरा घाट पर एसीपी सेंट्रल वन और नीमचा फाड़ी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया और अवैध बालू से लदे 12 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया पुलिस को सूचना मिली थी कि राज्य सरकार के निर्देशों की अवहेलना करते हुए नदी की तलहटी से बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। डामरा में दो जगहों पर अवैध बालू की तस्करी चल रही थी।
राज्य में मानसून दस्तक दे चुका है, इसलिए राज्य सरकार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि मशीनों की मदद से नदी से बालू नहीं निकाला जा सकता, लेकिन प्रशासन को अंगूठा दिखाकर अवैध बालू तस्करी का धंधा चल रहा था। नदी से अवैध रूप से बालू की तस्करी की सूचना मिलने के बाद आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट पुलिस कमिश्नर सुनील चौधरी के निर्देश पर कल देर रात अभियान चलाया। दामोदर नदी के डामरा घाट पर बालू से भरे 6 ट्रैक्टर मिले। वहीं, पुलिस ने नदी के रास्ते बालू से लदे 6 और ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर लिया। इसके बाद बालू से लदे 12 ट्रैक्टर वाहनों को आसनसोल दक्षिण थाना को सौंप दिया गया। सवाल यह उठ खड़ा हुआ है कि राज्य सरकार के सख्त निर्देशों के बावजूद अवैध बालू तस्करी का धंधा कैसे चल रहा था। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर घटना की जांच कर रहे हैं।


















