रूपनारायणपुर में सेवानिवृत्त कमांडेंट के घर में दुस्साहसिक चोरी, लाखों रुपए और सोने की हुई चोरी
सालानपुर । रूपनारायणपुर के शांतश्री पल्ली स्थित एक घर में दुस्साहसिक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। चोरों ने घर के मालिकों के बाहर जाने के दौरान घर में सेंध लगाई और नकदी व सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर इलाके में हुई। सेवानिवृत्त कमांडेंट सतीश चंद्र शर्मा और उनका परिवार 21 जुलाई को अमरनाथ यात्रा पर गए थे। रविवार (27 जुलाई) सुबह जब वे घर लौटे तो उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ, घर की अलमारी खुली और सामान बिखरा हुआ पाया। परिवार का दावा है कि करीब 10 भरी सोने के जेवरात और 1 लाख 80 हजार रुपये चोरी हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में पुलिस गश्त और इलाके में स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण चोर आसानी से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद रूपनारायणपुर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सतीश चंद्र शर्मा ने फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “मुझे समझ नहीं आ रहा कि इतने घरों के बीच इतनी चोरी कैसे हो गई।” पुलिस अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि, जांच तेज की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


















