तृणमूल सिर्फ चुनाव जीतने के लिए राजनीति नहीं करती लोगों की सेवा के लिए राजनीति करती है – चंद्रिमा भट्टाचार्य
आसनसोल । वर्ष 2026 विधानसभा चुनाव अभी दूर है। लेकिन अभी से तृणमूल कांग्रेस की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। आज इसी क्रम में आसनसोल के रवींद्र भवन में पश्चिम बर्दवान जिला महिला टीएमसी की तरफ से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मौके पर पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री और वरिष्ठ तृणमूल नेत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य उपस्थित थी। इसके अलावा पश्चिम बर्धमान जिला महिला टीएमसी सभा नेत्री असीमा चक्रवर्ती और संगठन की तमाम सदस्य और टीएमसी की महिला पार्षद उपस्थित रही। इस मौके पर चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए टीएमसी की महिला कार्यकर्ताओं को भी जी तोड़ मेहनत करने की आवश्यकता है।
ताकि चौथी बार मुख्यमंत्री के तौर पर ममता बनर्जी विजय हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर ममता बनर्जी ने महिलाओं के लिए बहुत कुछ किया है। अब समय आ गया है कि इस राज्य की महिलाओं को सही निर्णय लेना होगा। ताकि उनके लिए जो कार्य ममता बनर्जी ने शुरू किए हैं। वह जारी रहे और भी नए-नए कार्य किये जा सकें। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए चंद्रिमा भट्टाचार्य ने एक बार फिर बांग्ला भाषा को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं लेकिन कोई अगर कहेगा कि बांग्ला नाम की कोई भाषा नहीं है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जितनी भी स्वीकृत भाषाएं हैं। उनमें से बांग्ला सबसे प्रमुख भाषाओं में से एक है और ऐसी भाषा को अस्वीकार करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चंद्रिमा भट्टाचार्य ने साफ कहा की बंगाल में रहने वाला हर व्यक्ति बंगाली है। चाहे वह किसी भी भाषा में बात क्यों ना करता हो। लेकिन बंगाल का अपमान ना काबिले बर्दाश्त है। चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासनकाल में बंगाल में महिलाओं को वह सम्मान मिला है जो पहले कभी नहीं मिला था। वहीं उन्होंने कहा कि आज जो कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ। वह सिर्फ आने वाले चुनाव को देखते हुए नहीं किया गया। क्योंकि तृणमूल हमेशा लोगों के साथ रहती है। चुनाव किसी भी राजनीतिक दल के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। लेकिन तृणमूल सिर्फ चुनाव जीतने के लिए राजनीति नहीं करती तृणमूल लोगों की सेवा के लिए राजनीति करती है। इस मौके पर जिला महिला टीएमसी अध्यक्ष असीमा चक्रवर्ती, तृणमूल जिला अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, जिला परिषद अध्यक्ष विश्वनाथ बाउरी, पूर्व अध्यक्ष सुभद्रा बाउरी, जामुरिया विधायक हरे राम सिंह, रानीगंज विधायक तापस बनर्जी, निगम चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, उपमेयर अभिजीत घटक, प्रदेश तृणमूल सचिव वी शिवदासन दासु सहित अन्य उपस्थित थे।


















