तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के उपप्रधान सरदार लखविंदर सिंह लक्खा का आसनसोल में भव्य स्वागत
आसनसोल । तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब मैनेजिंग कमेटी के उपप्रधान एवं बिहार अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह लक्खा निजी दौरे पर पश्चिम बंगाल के आसनसोल पहुंचे। इस मौके पर उनका आसनसोल के गोविंद नगर स्थित तरसेम सिंह के आवास पर सिख समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आसनसोल सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह, सचिव तरसेम सिंह, अडाल से अजीत सिंह, आसनसोल से अमरजीत सिंह, हरविंदर सिंह बंटी, गोविंद नगर से सुरजीत सिंह, हरदयाल सिंह, सुखविंदर सिंह, नरेंद्र सिंह सहित सिख समुदाय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने लखविंदर सिंह लक्खा का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान आसनसोल सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह ने बताया कि तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के वरिष्ठ सदस्य होने के नाते उनसे गुरुद्वारों की सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
वहीं, कमेटी के सचिव तरसेम सिंह ने कहा कि धार्मिक उपक्रमों को लेकर भी विस्तृत बातचीत हुई है। बंगाल की संगतों तक श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के संदेश और अन्य धार्मिक प्रचार कार्यक्रमों को एकजुट होकर आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सरदार लखविंदर सिंह लक्खा ने कहा कि वे इन दिनों तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब की जागृति यात्रा में व्यस्त हैं, लेकिन निजी रूप से बंगाल आकर यहां की सिख संगत से मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बंगाल की सिख संगत बेहद जागरूक है और पंथक, धार्मिक तथा गुरमत प्रचार को लेकर हुई चर्चाओं को जल्द ही अमली जामा पहनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सिख धर्म और गुरमत प्रचार को और अधिक बल देने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।




















