Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव का भव्य समापन— जगदीश प्रसाद केडिया के प्रेरणादायी संबोधन से शिक्षकों व विद्यार्थियों में नया उत्साह

आसनसोल। आर्य प्रतिनिधि सभा बंगाल एवं आर्य समाज आसनसोल के तत्वावधान में संचालित विद्यालयों के पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव–2026 का शनिवार समापन दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः डी.ए.वी. हाई स्कूल के शिक्षकों द्वारा संपन्न हवन से हुई, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चारण के माध्यम से शांति, सद्भाव एवं समाजकल्याण की मंगलकामना की गई।
इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए आयोजित वैदिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्रों ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं बौद्धिक क्षमता का सराहनीय प्रदर्शन किया। अपराह्न सत्र में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन समारोह में जगदीश प्रसाद केडिया (डी.ए.वी. हाई स्कूल, दयानंद विद्यालय, आर्य कन्या उच्च विद्यालय के सचिव एवं आर्य समाज, आसनसोल के प्रधान) की गरिमामयी उपस्थिति एवं प्रेरणादायी संबोधन आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। अपने उद्बोधन में उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक ही विद्यार्थियों के भविष्य के वास्तविक शिल्पकार होते हैं।
उन्होंने अपने स्वयं के पुत्र के जीवन से जुड़े प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यह स्पष्ट किया कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से विद्यार्थी न केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करते हैं, बल्कि विद्यालय एवं समाज की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माननीय केडिया ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया और कहा कि विद्यालय की उन्नति तभी संभव है जब शिक्षक, विद्यार्थी और प्रबंधन एक मजबूत शैक्षणिक परिवार के रूप में कार्य करें। उनके संबोधन ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में जगदीश प्रसाद शर्मा (प्रधान, डी.ए.वी. हाई स्कूल प्रबंधन समिति), शंभु नाथ झा (सचिव, आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स), लक्ष्मी नारायण केडिया एवं मनीष केडिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नारायण पासवान (शिक्षक प्रभारी – दयानंद विद्यालय एवं मंत्री – आर्य समाज, आसनसोल) की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। साथ ही उपेंद्र कुमार सिंह, पूनम भारती, रवि कुमार, बृजेंद्र बहादुर सिंह, जवाहर संगुई, गुप्तेश्वर तिवारी, नीलम शर्मा एवं सुनील ठाकुर की सहभागिता से आयोजन और अधिक प्रभावशाली बना।
समारोह का मंच संचालन राम मिलन पांडेय द्वारा अत्यंत प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया।
आयोजकों ने बताया कि पाँच दिवसीय वार्षिकोत्सव के माध्यम से वैदिक संस्कारों, शैक्षणिक गुणवत्ता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल रहा।

 

 

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *