निमचा में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल का विरोध, तनावपूर्ण माहौल
रानीगंज । सोमवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा इलाके में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक पाड़ा-पाड़ा दिदि-भाई कार्यक्रम के तहत आम लोगों से संपर्क करने निमचा मंडल चार इलाके में पहुंची थीं, लेकिन लोगों ने उनके पिछले पांच वर्षों के विधायक कार्यकाल को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों का आरोप था कि विधायक ने इन पांच वर्षों में निमचा इलाके में कितनी बार आकर क्या-क्या विकास कार्य किए, इसका कोई हिसाब नहीं है। आरोप लगाया गया कि विधायक निधि से भी इलाके में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ, जिससे आम लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। धीरे-धीरे इलाके में भीड़ बढ़ती गई और विधायक को घेरकर ‘गो बैक’ के नारे लगाए जाने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जवाब में मौके पर मौजूद भाजपा समर्थकों ने भी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और हालात को नियंत्रित किया। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि वे निमचा इलाके में आम लोगों से बात करने गई थीं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने उन्हें देखते ही नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अगर यह सोचती है कि इस तरह उन्हें रोका जा सकता है, तो यह उनकी गलतफहमी है।
वहीं, आसनसोल दक्षिण क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवनारायण दास ने कहा कि एक विधायक से इस तरह का व्यवहार जनता की नाराजगी को दर्शाता है। उनका आरोप है कि विधायक बनने के बाद पांच वर्षों में इलाके में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि इस बार इस क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस का विधायक जीतकर आएगा और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।












