Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कोयला तस्करी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में 9 ठिकानों पर छापेमारी

आसनसोल । कोयला तस्करी मामले की जांच में ईडी एक बार फिर बेहद सक्रिय हो गई है। मंगलवार सुबह तड़के ईडी की टीम ने पश्चिम बंगाल और दिल्ली समेत कुल 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कोयला तस्करी से मिलने वाले ‘प्रोटेक्शन मनी’ और हवाला के जरिए पैसे के लेन-देन के नेटवर्क का पर्दाफाश करना है। प्रमुख ठिकानों पर कार्रवाई:
दुर्गापुर के अंबुजा नगरी इलाके में मनोरंजन मंडल के आवास पर ईडी की टीम ने छापा मारा। मनोरंजन मंडल को हाल ही में बुदबुद थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया था, हालांकि उन्होंने अभी तक कार्यभार नहीं संभाला है। केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे घर को घेर लिया है और अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। इस दौरान सिटी सेंटर फाड़ी के प्रभारी सुदीप्त विश्वास भी वहां पहुंचे और ईडी अधिकारियों से बात की।
दुर्गापुर सेपको टाउनशिप में बालू कारोबारी प्रबीर दत्त के घर सुबह 6 बजे छापेमारी की गई। साथ ही सिटी सेंटर के अंबेडकर सरणी में भी एक टीम जांच कर रही है।
पांडवेश्वर और कांकसा: एनएच-19 के पास एक व्यवसायी के घर पर तलाशी जारी है। आरोप है कि यह व्यवसायी अजय और दामोदर नदी से वैध टेंडर की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और तस्करी करता था।
जामुड़िया बाजार स्थित व्यवसायी राजेश बसलके आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। साथ ही रानीगंज के पंजाबी मोड़ स्थित उक्त व्यवसायी की हार्डवेयर दुकान पर भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी उन रास्तों की तलाश कर रही है जिनसे कोयला तस्करी का काला धन हवाला के जरिए सफेद किया गया या प्रभावशाली लोगों तक पहुँचाया गया। यह भी जांच का विषय है कि इस तस्करी को संरक्षण देने के बदले में किसे ‘प्रोटेक्शन मनी’ दी जा रही थी।

 

 

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *