जामुड़िया में ईडी की बड़ी कार्रवाई, हार्डवेयर व्यवसायी राजेश बंसल के घर छापेमारी
जामुड़िया । जामुड़िया में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जामुड़िया के वार्ड नंबर 4 के अंतर्गत हटतला इलाके के साबुन फैक्ट्री वाली गली में स्थित प्रमुख हार्डवेयर व्यवसायी राजेश बंसल के आवास पर ईडी के अधिकारियों ने छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 6.30 बजे ईडी के लगभग 16 अधिकारियों की एक टीम तीन वाहनों में सवार होकर राजेश बंसल के घर पहुंची। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सीआईएसएफ के जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। वर्तमान में 13 अधिकारियों की एक टीम घर के अंदर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहनता से जांच कर रही है।
ईडी की यह कार्रवाई बेहिसाब वित्तीय लेन-देन और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों के आरोपों के आधार पर की जा रही है। जांच अधिकारी इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि क्या राजेश बंसल पूर्व में खदान क्षेत्र की अन्य संदिग्ध गतिविधियों या कोयला/बालू से जुड़े अवैध कारोबारों के वित्तीय नेटवर्क का हिस्सा रहे हैं।












