संग्रह मौर्य ने आसनसोल मंडल के नए मंडल रेल प्रबंधक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया
आसनसोल । संग्रह मौर्य ने मंगलवार पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। निवर्तमान मंडल रेल प्रबंधक, सुधीर कुमार शर्मा (आइआरएसएस) ने औपचारिक रूप से मंडल का कार्यभार श्री मौर्य को सौंप दिया।
संग्रह मौर्य भारतीय रेलवे इंजीनियरिंग सेवा (आइआरईएस), 1996 बैच के ग्रुप ‘ए’ अधिकारी हैं। उन्होंने आइआइटी दिल्ली से स्ट्रक्चर्स में एम.टेक और दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की है।
आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण करने से पहले श्री मौर्य उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले, उन्होंने मणिपुर परियोजना के लिए मुख्य इंजीनियर (निर्माण) और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में मुख्य इंजीनियर (डिजाइन) के रूप में काम किया। उन्होंने इरकॉन (आइआरसीओएऩ) इंटरनेशनल लिमिटेड में भी काम किया, जहां वे प्रतिष्ठित उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना से निकटता से जुड़े थे, और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में जटिल सुरंग और पुल निर्माण कार्यों में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
श्री मौर्य ने उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (ट्रैक) के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ उन्होंने संरक्षा बढ़ाने और ट्रैक विकास कार्यों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।












