आसनसोल में समाजसेवी कृष्णा प्रसाद पर राजनीतिक षडयंत्र का आरोप
कंबल वितरण में छेड़खानी का आरोप, भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद पर पुलिस कार्रवाई
कृष्णा प्रसाद पर पुलिस कार्रवाई, समाजसेवी ने लगाए राजनीतिक दबाव के आरोप
बिजली कटौती और कोयला चोरी के खिलाफ कृष्णा प्रसाद की आवाज
आसनसोल । समाजसेवी, जो कंबल वितरण जैसे परोपकारी कार्य में लगा हो, राजनीतिक षडयंत्र का शिकार हो जाए, तो यह न केवल उस व्यक्ति के लिए बल्कि समाज के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है। यह आरोप शिल्पांचल के विशिष्ट समाजसेवी, व्यवसायी, धार्मिक प्रवृति के धनी सह भाजपा युवा नेता कृष्णा प्रसाद पर लगाया गया है। बुधवार की रात पुलिस कृष्णा प्रसाद के घर पहुंची। कृष्णा प्रसाद पर आरोप है कि वे निगम के वार्ड नंबर 13 में कंबल वितरण के दौरान आदिवासी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए थे और एक आदिवासी महिला से छेड़खानी का भी आरोप लगाया है। यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
रात के समय पुलिस के पहुंचने की खबर फैलते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बन गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कृष्णा प्रसाद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव आकर अपनी प्रतिक्रिया दी और वे पुलिस के कार्य पर कोई सवाल नहीं उठाए, उन्होंने कहा कि पुलिस को जैसा निर्देश दिया जा रहा है। पुलिस अपनी कार्य कर रही है। वे कोर्ट का सम्मान करते हैं, बहुत जल्द कोर्ट से अपना जमानत लेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि वे सड़क पर उतर कर इसका पूरा विरोध करते, सीपी ऑफिस और मंत्री के घर का घेराव करते मगर माध्यमिक परीक्षा के कारण वह फिलहाल आंदोलन नहीं कर रहे हैं।
कृष्णा प्रसाद ने साफ कहा कि उन्होंने कोई भी गैरकानूनी या अनैतिक कार्य नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वे बीते 33 साल से समाज सेवा से जुड़े हैं और जरूरतमंदों की मदद करना उनका उद्देश्य रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जितना संभव होता है, वे जनता जनार्दन की सेवा करने का प्रयास करते हैं और आगे भी यह कार्य जारी रहेगा।
कृष्णा प्रसाद ने सीधे राज्य के कानून सह श्रम मंत्री मलय घटक पर आरोप लगाया कि उनके इशारे पर उनके खिलाफ पुलिस केस दर्ज किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से रात के समय पुलिस को उनके घर भेजा गया। उन्होंने दो टूक कहा कि वे इस तरह की कार्रवाइयों से डरने वाले नहीं हैं और समाज सेवा के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय जनता जनार्दन और न्यायालय करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि कोर्ट जो भी फैसला देगा, वह उसे पूरी सम्मान के साथ स्वीकार करेंगे। बीते 2011 से अब तक जितनी हत्याएं हुई है। सभी हत्या मामला का वे पर्दा फांस करेंगे। वे समय का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं कृष्णा प्रसाद ने ईसीएल को लेकर भी लाइव में कहा कि श्रीपुर और सातग्राम क्षेत्र में दिन के समय बिजली कटौती को लेकर ईसीएल की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस समय माध्यमिक परीक्षाएं चल रही हैं और ऐसे संवेदनशील समय में बिजली काटना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।उन्होंने मांग की कि परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ईसीएल में लगातार कोयला चोरी हो रहा है। सिंडिकेट राज चल रहा है। सीएमडी और पदाधिकारियों को उस पर कार्रवाई करनी चाहिए। बिजली काट कर आम जनता को परेशान किया जा रहा है। कोयला चोर और सिंडिकेट राज पर कार्रवाई करना चाहिए।












