पश्चिम बंगाल सरकार ने श्रमिकों को दिया सामाजिक सुरक्षा का लाभ
आसनसोल । पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम विभाग ने श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में राज्य के श्रम मंत्री मलय घटक ने कहा कि 2011 तक राज्य में वामपंथियों का शासन था, लेकिन श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं मिलता था। लेकिन ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा पर जोर दिया जा रहा है और 2000 करोड़ से भी ज्यादा का लाभ पिछले 14 वर्षों में बंगाल के श्रमिकों को मिला है।
इस कार्यक्रम में 16 श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए के चेक प्रदान किए गए। जिला शासक एस पोन्नबलम ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में पता चलता है। उन्होंने श्रमिकों से सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए इन योजनाओं में पंजीकृत करने का अनुरोध किया।
इस मौके पर एमएमआईसी गुरदास चटर्जी और पश्चिम वर्धमान जिले के श्रम विभाग के तमाम अधिकारी उपस्थित थे। श्रम मंत्री मलय घटक ने कहा कि सरकार श्रमिकों के हित में काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।












