जामुड़िया में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 24 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त
जामुड़िया । अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ कमांडेंट राहुल यादव के निर्देश पर एसआरपी और केएनटी टीमों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित बोगरा चट्टी के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की। जांच में ट्रक में लगभग 24 मीट्रिक टन अवैध कोयला पाया गया, जिसके परिवहन के लिए चालक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद सीआईएसएफ की टीम ने अवैध कोयले समेत ट्रक को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए श्रीपुर फाड़ी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया।
इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल मुख्य आरोपियों और कोयले के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से अवैध कोयला तस्करी के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है।













