रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर की पहल: नि:शुल्क अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन
आसनसोल । आसनसोल में रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर की तरफ से शनिवार को एक पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें 20, 21 और 22 मार्च को एसबी गोरई रोड के किनारे स्थित पार्वती हाल में फ्री आर्टिफिशियल लिंब कैलीपर और प्रोस्थेटिक हैंड एंड लेग कैंप के आयोजन की जानकारी दी गई।
इस कैंप का नाम सक्षम रखा गया है, जिसमें जिन लोगों के हाथ और पैर कट गए हैं, उन्हें कृत्रिम अंग प्रदान किया जाएगा। रोटरी क्लब ऑफ कोलकाता प्रेसीडेंसी महावीर सेवा सदन कोलकाता के सहयोग से इस नि:शुल्क अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर के अध्यक्ष सचिन राय ने बताया कि इस शिविर में आने वाले लोगों और उनके परिवार के लोगों के लिए रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर की तरफ से रहने खाने का भी इंतजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह शिविर 20, 21 और 22 मार्च को लगाया जाएगा और इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सभी प्रकार की जांच करने के उपरांत जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क यह कृत्रिम अंग दिया जाएगा।
इस मौके पर उपस्थित नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर की यह बहुत अच्छी पहल है। इसके लिए उन्होंने संस्था के अध्यक्ष सचिन राय और उनकी पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज के एक बड़े वर्ग को काफी सुविधा और सहूलियत मिलती है।













