Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

दुर्गापुर में 650 बेड के निजी अस्पताल का भूमि पूजन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की शिरकत

दुर्गापुर । औद्योगिक नगरी दुर्गापुर के मुचिपाड़ा क्षेत्र में एक बहुप्रतीक्षित निजी अस्पताल योजना का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, चिकित्सक समुदाय से जुड़े लोग, सामाजिक कार्यकर्ता तथा भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। योजना के कर्णधार हिरण्मय दास ने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल कुल 650 बेड की क्षमता वाला अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र होगा। पहले चरण में 200 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक मेडिकल उपकरण, आईसीयू, इमरजेंसी सेवाएं, सुपर स्पेशियलिटी विभाग, अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर तथा अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना का उद्देश्य दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर इलाज के लिए कोलकाता या अन्य महानगरों का रुख न करना पड़े।

भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ-साथ सांसद सौमित्र खां, विधायक लखन गरोई, शिल्पांचल के विशिष्ट समाजसेवी, व्यवसायी सह भाजपा युवा नेता कृष्णा प्रसाद सहित कई प्रमुख नेता एवं अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस योजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में समिक भट्टाचार्य ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के कई सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं और मरीजों को समुचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनके अनुसार, सरकारी ढांचे की कमजोरी के कारण निजी अस्पतालों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *