मिथिलांचल की महिलाओं ने मनाया होली मिलन, रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन
आसनसोल । आसनसोल के हिन्दुस्तान पार्क स्थित आवास में सोमवार को मिथिलांचल की महिलाओं ने होली के मद्देनजर एक भव्य और रंगारंग “होली मिलन” का कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ होली के रंगारंग केक काटकर किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया।

बिहार के मिथिलांचल का फगुआ विश्व विख्यात है, और इस दिन सभी लोग सारे गीले सिकवे को भुलाकर एक दूसरे से गले मिलकर एक दूसरे को गुलाल लगाते हुए झूम उठते हैं। आज के दिन महिलाओं ने अपनी परम्परागत मधुर मैथिली गीतों को गाकर एक दूसरे को गुलाल लगाया, जिससे वातावरण में एक अनोखा रंग भर गया।

होली के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सभी का मुख मिष्ठान कराया गया, जिसमें सभी ने जमकर आनंद लिया। सीता और पार्वती की फगुआ गीत इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था, जिसने सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया।

सभी महिलाएं पीले रंग की साड़ी में इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रही थीं, जो इस अवसर के लिए विशेष रूप से सजाई गई थीं। हर साल की तरह इस बार भी ये कार्यक्रम सफल रहा, और सभी ने एक दूसरे के साथ होली का त्योहार मनाया।इस कार्यक्रम में मीरा झा, रेणू झा, स्मिता, निक्की, कृती, पिंकी, श्रूती, मीता, सोनिया, नीतू एवं अन्य मैथिल महिलाएं उपस्थित थीं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












